उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा : कैल नदी में समाया वाहन, चार की मौत, तीन घायल - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 11, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा : कैल नदी में समाया वाहन, चार की मौत, तीन घायल



जनपद चमोली के दूरस्थ विकासखंड देवाल में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर यात्रियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा और कई सौ फीट नीचे बह रही कैल नदी में समा गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के नदी में गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन कुंनार के समीप पहुंचा ही था कि अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे लुढ़कता हुआ सीधे कैल नदी में जा गिरा। दुर्घटना के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान महिला और बच्चा वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि दोनों को चोटें आई हैं और उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

रेस्क्यू टीमों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं नदी में गिरे वाहन की तलाश और उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब तक नदी से चार शव बरामद किए जा चुके हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय जनप्रतिनिधि महावीर बिष्ट ने बताया कि कुछ लोगों ने वाहन को खाई में गिरते हुए देखा था। उनकी निशानदेही पर ग्रामीण और बचाव दल नदी किनारे लगातार खोजबीन में जुटे रहे। दुर्घटना स्थल दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन स्थानीय लोगों ने प्रशासन का पूरा सहयोग किया।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों की सड़कों पर सुरक्षित यातायात और बेहतर सुरक्षा इंतजामों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता के साथ वाहन चलाने की अपील की है।

Related posts

विकास कार्यों में अगर लापरवाही मिली तो संबंधित अफसरों पर सख्त कार्रवाई करूंगा, सीएम धामी ने जारी की चेतावनी

admin

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम धामी ने देहरादून में शौर्य स्थल युद्ध स्मारक का किया उद्घाटन

admin

कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं से मिले पीएम मोदी, बोले- ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’

admin

Leave a Comment