IMA पासिंग आउट परेड को लेकर देहरादून हाई अलर्ट पर, राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे से पहले शहर बना नो-ड्रोन जोन - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 13, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड राष्ट्रीय

IMA पासिंग आउट परेड को लेकर देहरादून हाई अलर्ट पर, राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे से पहले शहर बना नो-ड्रोन जोन

भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में 13 जून को आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड (पीओपी) को लेकर देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। इस वर्ष परेड में भारत की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे और रात्रि प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे शहर को हाई अलर्ट पर रखा है।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम के मद्देनजर आईएमए परिसर और उसके आसपास के हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से नो-ड्रोन जोन घोषित कर दिया गया है। इस दौरान किसी भी निजी, व्यावसायिक अथवा अन्य प्रकार के ड्रोन के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम की सहायता से पूरे क्षेत्र की निगरानी करेंगी, ताकि किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना न रहे।

सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने राष्ट्रपति के दौरे में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की विस्तृत ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत होटल, लॉज, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए 12 जून को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी लागू रहेगी। शहर में प्रवेश और निकास के लिए कई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। ऋषिकेश और भानियावाला की ओर से आने वाले वाहनों को रानीपोखरी, भोगपुर, थानो रोड, छह नंबर पुलिया और सहस्रधारा क्रॉसिंग होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं ऋषिकेश से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईटी पार्क और साईं मंदिर मार्ग से होकर भेजा जाएगा।

हरिद्वार से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट प्लान तैयार किया गया है। ऐसे वाहन भानियावाला फ्लाईओवर की सर्विस लेन, डोईवाला चौक और दूधली मार्ग होते हुए कारगी चौक के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे। हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहनों को डोईवाला, कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड और कैंट क्षेत्र से होकर गुजरना होगा।

पुलिस प्रशासन ने यातायात नियंत्रण के लिए आठ प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट चिन्हित किए हैं। इनमें भोगपुर तिराहा, कारगी चौक, सहस्रधारा क्रॉसिंग, भानियावाला फ्लाईओवर, शिमला बाईपास चौक, साईं मंदिर (राजपुर रोड), डोईवाला थाना क्षेत्र और दूधली रोड शामिल हैं। इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

प्रशासन ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी अवश्य लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। आईएमए की ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड और राष्ट्रपति के दौरे को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

Related posts

संसद के शीतकालीन सत्र से पहले आज केंद्र सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

admin

उत्तराखंड में बादल फटने से फिर भारी तबाही, “तीन मंजिला बिल्डिंग भरभरा कर सैलाब में बह गई”, कई गाड़ियां मलबे में दबी, देखें वीडियो

admin

Dhirendra Shastri brother shaligram arrest : बागेश्वर धाम के बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का छोटा भाई गिरफ्तार, 9 दिन पहले पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज की थी एफआईआर

admin

Leave a Comment