Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
November 5, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को सीएम धामी ने दी रफ्तार, हरिद्वार के अस्पतालों के लिए चिकित्सा उपकरण रवाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय परिसर से मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये उपकरण कृषि उद्योग विकास परिषद की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य कुंभ मेला क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करना और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे बड़े आयोजन में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी बेहद जरूरी है। मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए उपलब्ध कराए गए उपकरण आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्राथमिक उपचार देने और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होंगे।

उन्होंने कृषि उद्योग विकास परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं के आपसी समन्वय से कुंभ मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Comment