September 14, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में फिर तेज हुई बारिश, सात जिलों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट, देहरादून का तापमान चार डिग्री गिरा


उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। करीब एक सप्ताह बाद रविवार को देहरादून में झमाझम वर्षा हुई, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ती रहीं। कुमाऊं मंडल के ज्यादातर क्षेत्रों में भी मेघ जमकर बरसे। वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही और वर्षा के दौर से दून समेत कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना रहा। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी प्रकार बना रह सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बौछारों के साथ आकाशीय बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं। हालांकि इससे पहले दो दिन कई क्षेत्रों में वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है। नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Comment