राजधानी दिल्ली के आउटर दिल्ली इलाके से बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। टीकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रक में CNG भरवाते समय अचानक सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के वक्त ट्रक में CNG भरवाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में तेज विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। विस्फोट होते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
फिलहाल पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि CNG भरवाते समय सिलेंडर में धमाका किस वजह से हुआ। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और CNG भरने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

