Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 27, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

दर्दनाक हादसा : त्यूणी के चिल्लाड़ में तेज रफ्तार कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, एक की मौत, दो घायल

देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में चिल्लाड़ के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई और इसके बाद करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा शाम करीब सवा पांच बजे हुआ। बताया जा रहा है कि चिल्लाड़ के पास तीव्र मोड़ पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। चालक कार को संभाल पाता, इससे पहले वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे का पूरा घटनाक्रम एक डैशकैम वीडियो में कैद हो गया। वीडियो में कार के अनियंत्रित होने से लेकर बिजली के पोल से टकराने और खाई में गिरने तक की घटना महज 22 सेकेंड में दिखाई दे रही है। हादसे के बाद कार सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन खाई काफी गहरी होने के कारण राहत और बचाव कार्य में चुनौती सामने आई। इसके बाद त्यूणी स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ जवानों ने रस्सियों के सहारे करीब 100 मीटर गहरी खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान टीम ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में दुर्गेश चौधरी (39) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुनील मंडल (27) और ऋषभ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) त्यूणी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment