October 4, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

आस्था, विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ेगा चम्पावत: मुख्यमंत्री धामी

टनकपुर में दशहरा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ प्रदेश की विरासत और आध्यात्मिक पहचान का संरक्षण भी सुनिश्चित हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के तहत जिले की धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर विकास का प्रभावी मॉडल तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आईएसबीटी का निर्माण, शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां पूर्णागिरि क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार जैसे कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ककराली गेट से धाम तक करीब 8.10 करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके साथ ही जिले के अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है।

धामी ने टनकपुर स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल पहुंचकर खिलाड़ियों से संवाद किया और उन्हें मेहनत, अनुशासन व निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने कैंप कार्यालय में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में आमजन से सीधा संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। चम्पावत की धार्मिक आस्था, प्राकृतिक संपदा, लोक संस्कृति और पर्यटन क्षमता को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए ऐसा विकास किया जाएगा, जिसमें विकास की गति के साथ विरासत की गरिमा भी कायम रहे।

Leave a Comment