देहरादून जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, देहरादून की ओर से हरिद्वार जा रहे पिकअप वाहन का पिछला पहिया अचानक निकल गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही इको वैन अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि इको वैन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो अन्य यात्रियों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल तीन लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के निवासियों के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

