September 10, 2026
Daily Lok Manch
Recent

हिमाचल में सीएम सुखविंदर ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 32 IAS-HAS अधिकारियों के तबादले, कई अफसरों को नई जिम्मेदारियां,नई तैनाती का शासनादेश जारी


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 32 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादला एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत 16 आईएएस और 16 एचएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। लंबे समय से बिना विभाग के पदस्थापना का इंतजार कर रहे 2010 बैच के आईएएस अधिकारी सुदेश कुमार मोख्टा को सचिव सहकारिता नियुक्त किया गया है। वहीं कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं और आठ एसडीएम का भी तबादला किया गया है।



कार्मिक विभाग के आदेशों के अनुसार, 2002 बैच के आईएएस अधिकारी एवं प्रधान सचिव (वित्त, तकनीकी शिक्षा और जल शक्ति) अभिषेक जैन को वित्तायुक्त (अपील) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। सचिव सहकारिता अमरजीत सिंह को अब सचिव नगर एवं ग्राम नियोजन बनाया गया है, जबकि गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार उनके पास ही रहेगा।

प्रबंध निदेशक राज्य औद्योगिक विकास निगम तोरुल एस. रवीश को निदेशक भू-राजस्व नियुक्त किया गया है। निदेशक भू-राजस्व अभिषेक वर्मा को निदेशक मिल्कफेड बनाया गया है। अजय कुमार यादव को हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम से स्थानांतरित कर चिकित्सा सेवाएं निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

एडीसी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए ऊना महेंद्र पाल गुजर को पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन में निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) बनाया गया है। विजय कुमार को हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। राहुल जैन को अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम, महिला विकास निगम, नौणी स्थित उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार तथा मानव भारती विश्वविद्यालय के प्रशासक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

दिव्यांशु सिंघल को एडीसी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए सोलन नियुक्त किया गया है। ओमकांत ठाकुर को हिमाचल प्रदेश राज्य हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम तथा गुरसिमर सिंह को सामान्य औद्योगिक निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

सरकार ने आठ एसडीएम के भी तबादले किए हैं। एसडीएम बिलासपुर राजदीप सिंह को नगर निगम सोलन का आयुक्त, एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल को एडीसी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए ऊना, अंजली गर्ग को एसडीएम कांगड़ा, रुपिंद्र कौर को डीआरडीए बिलासपुर तथा प्रियांशु खती को डीआरडीए मंडी में तैनात किया गया है।

एचएएस अधिकारियों में चंद्र प्रकाश को एसडीएम मंडी, विश्रुत भारती को एसडीएम कफोटा, रमन कुमार शर्मा को एसडीएम फतेहपुर, अभिषेक भरवाल को एसडीएम घुमारवीं, पूजा अधिकारी को एसडीएम नगरोटा बगवां तथा अमन कुमार को एचपीएमसी का महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गौरव चौधरी को अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समिति बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Comment