उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन और चारधाम यात्रा दोनों को प्रभावित कर दिया है। पहाड़ों में जगह-जगह भूस्खलन और सड़कें धंसने की घटनाओं के चलते 1,000 से अधिक यात्री अलग-अलग स्थानों पर फंस गए। राहत की बात यह है कि रुद्रप्रयाग में रोके गए करीब 800 यात्रियों को मंगलवार सुबह मार्ग साफ होने के बाद सुरक्षित आगे रवाना कर दिया गया, लेकिन कई प्रमुख हाईवे अब भी बाधित हैं और मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
रुद्रप्रयाग जिले में सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर लगातार बारिश और लैंडस्लाइड के कारण एहतियातन करीब 800 यात्रियों को रोक दिया गया था। प्रशासन ने सड़क से मलबा हटाने के बाद सुबह 8 बजे से यात्रियों की आवाजाही शुरू कराई। हालांकि सुरक्षा कारणों से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद रखी गई है।
चमोली जिले में बद्रीनाथ हाईवे पर मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से करीब 200 यात्री फंस गए। प्रशासन और बीआरओ की टीमें लगातार सड़क साफ करने में जुटी हैं। वहीं नारायणबगड़ क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के चलते सिमली-अल्मोड़ा हाईवे पर भारी मलबा आ गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मार्ग पर करीब 30 मीटर सड़क बह जाने से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। इसके अलावा धारडुंग्री-मैखुरा-सोनला स्टेट हाईवे पिछले दो सप्ताह से बंद है। लगातार पत्थर गिरने की वजह से सड़क खोलने का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे के स्याना चट्टी और सिलाई बैंड के पास लगातार भूस्खलन हो रहा है। वहीं गंगोत्री हाईवे पर पापड़ गाड़ के पास धंसी सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त कर यातायात बहाल किया गया है, लेकिन प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
राजधानी देहरादून में भी पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार सुबह तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली।
मौसम विभाग ने आज भी राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश, भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
देहरादून में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

