चंपावत के जिला चिकित्सालय में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि है। जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को महत्वपूर्ण मजबूती मिलेगी। इस सुविधा के जरिए आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत जिले में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।
सीएम धामी ने कहा कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम और द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग एवं ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए सड़क, पार्किंग, पेयजल और शहरी आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण और चौड़ीकरण के साथ जाम की समस्या के समाधान के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य भी शुरू होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब और पर्यटन आवास गृह में भी पार्किंग सुविधाओं का विकास किया गया है। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। भूमिगत विद्युत लाइनों का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं चंपावत के विकास को नई दिशा देंगी। सरकार का लक्ष्य चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाना है। जिले के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने के साथ ही अन्य जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।
कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य श्री विनय शंकर पाण्डेय, विभिन्न दायित्वधारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

