बढ़ती चीनी कीमतों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र ने 10 लाख मीट्रिक टन कच्ची चीनी को शून्य शुल्क पर आयात करने की अनुमति दे दी है।
सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक, टैरिफ रेट कोटा (TRQ) के तहत यह आयात 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा सकेगा। खास बात यह है कि करीब एक दशक बाद भारत विदेशों से चीनी आयात करने जा रहा है।
त्योहारी सीजन से पहले लिया गया यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि इस दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में चीनी की मांग तेजी से बढ़ती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले दो महीनों में देश में चीनी की कीमतों में करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार ने इससे पहले भी कदम उठाए हैं। बड़े खरीदारों और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए चीनी के स्टॉक की सीमा घटाकर 15 दिनों की जरूरत तक कर दी गई है। यह नियम 1 सितंबर से 30 नवंबर तक लागू रहेगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि 10 लाख टन चीनी के आयात के बाद क्या आम लोगों को कीमतों में राहत मिलेगी? और त्योहारी सीजन में इसका बाजार पर कितना असर पड़ेगा?

