August 24, 2026
Daily Lok Manch
उत्तर प्रदेश उत्तराखंड राष्ट्रीय

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ेगी सुरक्षा, पेट्रोलिंग वाहन से लेकर एंबुलेंस तक की होगी तैनाती



नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। सड़क हादसों के बाद त्वरित राहत और घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण यातायात पुलिस को पेट्रोलिंग वाहन, एंबुलेंस और क्रेन उपलब्ध कराएगा।

प्राधिकरण का यह कदम एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं के दौरान ‘गोल्डन आवर’ में घायलों को जल्द चिकित्सा सहायता पहुंचाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उठाया गया है। इसके तहत पेट्रोलिंग के लिए चार पहिया वाहन, हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन उपलब्ध कराई जाएगी।

इन सुविधाओं के लिए नोएडा प्राधिकरण ने निजी एजेंसियों से वाहन उपलब्ध कराने हेतु टेंडर जारी किया है। इच्छुक एजेंसियों से 19 मई तक आवेदन मांगे गए हैं।

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक आरपी सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस के साथ हुई बैठक में एक्सप्रेसवे पर बेहतर निगरानी और राहत सेवाओं की आवश्यकता जताई गई थी। इसी के तहत यह व्यवस्था लागू की जा रही है। प्राधिकरण इन सेवाओं के बदले संबंधित एजेंसी को करीब 68.74 लाख रुपये का भुगतान करेगा।

Leave a Comment