Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 7, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

उत्तराखंड में आज भी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, पांच जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी


उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम की गतिविधियों को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना, आकाशीय बिजली चमकने, बारिश के तीव्र दौर और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

मैदानी जिलों में भी मौसम के असर से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इससे पहले रविवार को भी प्रदेश के सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई थी, जबकि रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी। मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Comment