September 29, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

देशभर में मेहरबान मानसून : दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड में झमाझम बारिश, कई राज्यों में अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई, जबकि उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई राज्यों में मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में हुई झमाझम बारिश से लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली। ठंडी हवाओं और लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

हालांकि बारिश ने राहत के साथ-साथ मुश्किलें भी बढ़ाईं। कई इलाकों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित हुआ। एनएच-9 पर खिचड़ीपुर के पास लंबा जाम लग गया, जिससे सुबह कार्यालय जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं उत्तराखंड में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश के दौर का अनुमान लगाया गया है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी मानसून का असर लगातार बढ़ रहा है। कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। हालांकि कुछ इलाकों में उमस और बिजली कटौती की समस्या अब भी बनी हुई है।

आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Comment