केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच आवाजाही रोकी गई - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 24, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच आवाजाही रोकी गई



केदारनाथ धाम जाने वाले पैदल यात्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह सोनप्रयाग और मुनकटिया के बीच पहाड़ी से अचानक पत्थर और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने की घटना सामने आई। घटना के बाद यात्रा मार्ग बाधित हो गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह सोनप्रयाग सेक्टर अधिकारी से मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी मशीनों और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गईं। कर्मचारियों ने तत्काल राहत एवं सफाई कार्य शुरू करते हुए मार्ग पर गिरे मलबे और बोल्डरों को हटाने का अभियान शुरू किया।

प्रशासन लगातार मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार, जब तक मार्ग पूरी तरह साफ और सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विशेषज्ञों द्वारा मार्ग का निरीक्षण करने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यात्रियों को केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही अपनी यात्रा आगे बढ़ाने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाकर यात्रा सुचारु रूप से शुरू कराने के लिए सभी संबंधित विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं।

Related posts

सीएम आवास में 45 दिन में 520 किलो शहद उत्पादन: धामी बोले- मधुमक्खी पालन से बढ़ेंगे रोजगार

admin

उत्तराखंड पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल : धामी सरकार ने 15 आईपीएस अधिकारियों के किए ट्रांसफर, तृप्ति भट्ट को मिली बड़ी जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट

admin

पंजाब से भगोड़ा अमृतपाल सिंह की तलाश में उत्तराखंड की पुलिस और एसटीएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

admin

Leave a Comment