August 19, 2026
Daily Lok Manch
मौसम हिमाचल

हिमाचल में फिर भारी बारिश का खतरा, कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट, कल से और मजबूत होगा पश्चिमी विक्षोभ



हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। बुधवार सुबह से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जबकि कई क्षेत्रों में बीच-बीच में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई है और कई जिलों के लिए यलो तथा ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में रात के समय तेज बारिश होने की आशंका है। विभाग का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार से और अधिक प्रभावी हो जाएगा, जिससे बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

30 जुलाई को चंबा, मंडी और कांगड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 31 जुलाई को भी चंबा और कांगड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा, जबकि कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। तेज बारिश के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन, नालों के उफान पर आने और सड़कों के बाधित होने जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों तथा पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

विभाग के अनुसार एक से चार अगस्त तक भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में यलो अलर्ट जारी रहेगा। प्रशासन ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment