Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 21, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

धामी सरकार ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, सड़क, मंदिर, सिंचाई और आपदा राहत के लिए करोड़ों रुपये मंजूर


उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सिंचाई परियोजनाओं और आपदा राहत कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में नैनीपातल से नागघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹79.87 लाख, चंपावत जिले के लोहाघाट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी की प्रतिमा स्थापना के लिए ₹32.49 लाख तथा सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹40.53 लाख स्वीकृत किए हैं।
इसके अलावा पिथौरागढ़ के मोस्टामानू मंदिर, कुशैल रसेपाटा स्थित प्राचीन सैम मंदिर, पौड़ी के द्वारीखाल स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर, अल्मोड़ा के भेटाबड़ोली स्थित भीमादेवी मंदिर तथा सल्ट क्षेत्र के मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए भी लाखों रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में रामबाग हरिपुरा और पंचाननपुर गांव में मंदिर, धर्मशाला एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए ₹2.54 करोड़ की स्वीकृति के तहत प्रथम किस्त के रूप में ₹1.01 करोड़ जारी किए गए हैं। वहीं चंपावत में ग्राम मैरोली और बड़पास के आंतरिक मार्गों के इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए ₹3.89 करोड़ की योजना के तहत पहली किस्त में ₹1.87 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही अमृत योजना के अंतर्गत बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए ₹4.95 करोड़ की योजना को भी मंजूरी मिली है।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित उत्तरकाशी जिले के धराली गांव के 13 प्रभावित व्यवसायियों और भवन स्वामियों को राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से शेष ₹1.21 करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत की गई है। सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत विकास को गति मिलने के साथ ही आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a Comment