Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 15, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर की चिन्यालीसौड़ में आपात लैंडिंग



चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से उत्तरकाशी के जोशियाड़ा हेलीपैड के लिए रवाना हुए एक हेलीकॉप्टर को खराब मौसम और तेज हवा-तूफान के चलते चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में एहतियातन आपात लैंडिंग करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर चिन्यालीसौड़ के आसपास सुरक्षित रूप से लैंडिंग की। उड़ान के दौरान अचानक मौसम बिगड़ने लगा और क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बादल छा गए। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल हेलीकॉप्टर को नीचे उतारने का निर्णय लिया।

सूत्रों के मुताबिक हेलीकॉप्टर में एडीजी अमित सिन्हा, उत्तराखण्ड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. आशीष चौहान और अन्य अधिकारी सवार थे। मौसम खराब होने के कारण कुछ देर तक हेलीकॉप्टर को चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में ही रोका गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर आ गए। अधिकारियों ने बताया कि यह लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए की गई थी। मौसम सामान्य होने के बाद आगे की उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने भी हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग पर राहत जताई और पायलट की सतर्कता की सराहना की।

Leave a Comment