"दिन में छाया अंधेरा' : आंधी-तूफान और बारिश से उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बदला मौसम, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, देखें वीडियो - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 4, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड मौसम

“दिन में छाया अंधेरा’ : आंधी-तूफान और बारिश से उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बदला मौसम, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, देखें वीडियो


देश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बारिश ने जहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी, वहीं कई जगहों पर हालात भी चुनौतीपूर्ण बन गए। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ सहित कुल 8 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।



उत्तराखंड में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। राजधानी देहरादून में सुबह से ही काले घने बादलों ने आसमान को ढक लिया, जिससे दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। तेज बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया और बहाव भी काफी तेज हो गया। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी सामने आई। देहरादून के अलावा हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में भी तेज बारिश और आंधी का असर देखा गया। कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी खबर है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।मसूरी में भी मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई और ओले गिरने लगे। बिल्कुल अंधेरा छाया। वहीं विकासनगर में आंधी के साथ बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया।



मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में भी देश के कई हिस्सों में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 4 मई को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और केरल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और सिक्किम में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके विपरीत पश्चिमी राजस्थान में लू चलने की चेतावनी दी गई है, जबकि तमिलनाडु और पुडुचेरी में उमस भरा मौसम बना रहेगा।



5 मई को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिण कर्नाटक में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में जहां एक ओर लू का असर जारी रहेगा, वहीं कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की भी संभावना बनी हुई है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ तमिलनाडु और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम के इस अचानक बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि जैसी घटनाओं ने सावधानी बरतने की जरूरत भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।



मौसम विभाग के अनुसार, दून में आज भी आंशिक बादल छाये रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। शाम को गरज के साथ बौछारें, तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम पारा सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस के करीब नीचे रह सकता है।

Related posts

उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की

admin

दुखद : उत्तराखंड में “बर्फीले तूफान” में फंसे 40 पर्वतारोही, 10 की मौत, सीएम धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मांगी मदद, सेना के दो हेलीकॉप्टर रेस्क्यू के लिए लगाए गए

admin

Uttrakhand char Dham Yatra उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा एक दिन के लिए स्थगित की

admin

Leave a Comment