मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
छिनौर-नयागांव हाईवे पर धान से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से जा टकराया। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, बच्चे और ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ढलान पर नीचे उतरते समय ट्रक पुलिस के बैरिकेड्स तोड़कर सड़क पर चल रहे श्रद्धालुओं के बीच जा घुसा। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक के ब्रेक फेल होने या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। जिस मार्ग से ट्रक आ रहा था, वहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित बताया गया है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

