August 26, 2026
Daily Lok Manch
उत्तर प्रदेश राजनीतिक

रायबरेली से कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह और आजमगढ़ की बीएसपी की वंदना सिंह भाजपा की हुईं

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले आज भाजपा ने कांग्रेस को झटका देते हुए उनकी पार्टी की मजबूत विधायक को अपने पाले में मिला लिया है। बता दें कि कांग्रेस का गढ़ माने जाने वाले रायबरेली सदर सीट से मौजूदा विधायक अदिति सिंह ने आज राजधानी लखनऊ में भाजपा का दामन थाम लिया। इसके अलावा आजमगढ़ के सगड़ी से बहुजन समाजवादी पार्टी की विधायक वंदना सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। बता दें कि  रायबरेली के कांग्रेस के दिवंगत नेता अखिलेश सिंह की पुत्री विधायक अदिति सिंह भाजपा के समर्थन में थीं। ‌कुछ माह पहले वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिलीं थीं। अदिति सिंह रायबरेली सदर से कांग्रेस की सीट पर 2017 में पहली बार विधायक बनी थी। लेकिन अदिति सिंह की सबसे बड़ी पहचान है कि वह बाहुबली अखिलेश सिंह की बेटी हैं । पांच बार विधायक रहे अखिलेश सिंह का पिछले साल निधन हो गया था। उसके बाद अदिति सिंह बीजेपी के ज्यादा करीब रहीं हैं। पिछले कुछ समय में सदन में जब-जब वोटिंग के मौके आए अदिति सिंह ने बीजेपी के पक्ष में वोट डाला है, कांग्रेस पार्टी उनकी सदस्यता खत्म करने को लेकर पहले ही विधानसभा अध्यक्ष को लिख चुकी थी। हाल में अदिति सिंह ने कृषि कानूनों पर दिए बयान को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा था, तब उन्‍होंने कहा था कि प्रियंका गांधी के पास मुद्दे नहीं हैं।

Leave a Comment