Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 29, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

सीएम धामी ने NICDIT बैठक में रखी IMC खुरपिया की प्रगति, दिसंबर 2028 तक पूरा होगा ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (NICDIT) की तृतीय शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल प्रतिभाग किया। बैठक में देशभर में औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति, समयबद्ध क्रियान्वयन और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में विकसित किए जा रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC), खुरपिया की प्रगति और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार IMC खुरपिया को प्रदेश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि पूरी तरह NUITL के अधीन है और वर्तमान में परियोजना स्थल पर किसी तरह की बाधा नहीं है। IMC खुरपिया के विकास के लिए EPC अनुबंध 20 मार्च 2026 को निष्पादित किया जा चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।

परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर के राइट ऑफ वे (ROW) को क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बाद सड़क निर्माण समेत अन्य आवश्यक कार्य तेजी से चल रहे हैं। वहीं, नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन किए जाने के लिए भी राज्य सरकार की ओर से आवश्यक समन्वय और कार्रवाई की जा रही है।

धामी ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क के साथ परियोजना के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति भी जरूरी है। इसके लिए PITCUL की ओर से 400/220 केवी उपकेंद्र के समयबद्ध निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई और समन्वय किया जा रहा है। मजबूत सड़क और विद्युत कनेक्टिविटी से IMC खुरपिया में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी करने और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति पर विशेष ध्यान देने को कहा। IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का प्रस्ताव है।

उन्होंने भारत सरकार तथा NICDIT/NICDC द्वारा गठित SPV से परियोजना को निर्धारित समयसीमा में धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक सहयोग और समन्वय की अपेक्षा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से IMC खुरपिया को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि IMC खुरपिया आने वाले समय में उत्तराखंड में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार आधुनिक औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment