CJP के प्रदर्शन में हंगामा-बवाल : शहीद स्मारक पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के प्रदर्शन के दौरान भीड़ से निकालकर दो युवकों ने बरसाए थप्पड़, देखें वीडियो - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 11, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

CJP के प्रदर्शन में हंगामा-बवाल : शहीद स्मारक पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के प्रदर्शन के दौरान भीड़ से निकालकर दो युवकों ने बरसाए थप्पड़, देखें वीडियो

जयपुर के शहीद स्मारक पर रविवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर भीड़ में शामिल दो युवकों ने हमला कर दिया। दोनों युवकों ने अभिजीत दीपके को थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद मौके पर मौजूद उनके समर्थक भड़क उठे और आरोपित युवकों की पिटाई कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।



जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा, छात्र, महिलाएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए थे। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, शिक्षा व्यवस्था की खामियों, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना था। प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे युवाओं के हाथों में तिरंगा और विभिन्न संदेश लिखे पोस्टर दिखाई दिए। पोस्टरों पर “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लिखे हुए थे।


प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही माहौल काफी गर्म नजर आया। विभिन्न समूहों द्वारा नारेबाजी की जा रही थी और इसी दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और एक युवक को कस्टडी में लिया गया। इस बीच धरनास्थल पर कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने की भी शिकायतें सामने आईं। मंच से आयोजकों ने लोगों को अपने मोबाइल और अन्य सामान सुरक्षित रखने की अपील की।

CJP के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर पार्टी के प्रतीक कॉकरोच का स्केच बनाया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए स्लोगन भी लिखे। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेपर लीक मामलों पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।

इसी बीच जब CJP संस्थापक अभिजीत दीपके शहीद स्मारक पहुंचे तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्हें कंधों पर बैठाकर प्रदर्शन स्थल के अंदर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान भीड़ में मौजूद दो युवकों ने अचानक उनके करीब पहुंचकर थप्पड़ मार दिए। घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ पल के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई। अभिजीत दीपके के समर्थक तुरंत सक्रिय हुए और दोनों युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और आरोपित युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वाले दोनों युवकों की पहचान और उनके मकसद को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमला पूर्व नियोजित था या फिर किसी व्यक्तिगत विवाद का परिणाम। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Related posts

चार राज्यों में भाजपा को मिली बंपर जीत के बाद पीएम मोदी ने किया रोड शो, स्वागत करने के लिए लाखों लोग सड़कों पर उमड़े

admin

महाराष्ट्र संकट पर संसद परिसर में सांसद ने पुष्पा स्टाइल में किया एक्शन

admin

12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के लिए चल रहे एसआईआर की डेडलाइन एक सप्ताह बढ़ाई

admin

Leave a Comment