लखनऊ में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, कोचिंग में फंसे छात्र; जान बचाने के लिए छात्र ने लगाई छलांग, वीडियो - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 3, 2026
Daily Lok Manch
उत्तर प्रदेश

लखनऊ में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, कोचिंग में फंसे छात्र; जान बचाने के लिए छात्र ने लगाई छलांग, वीडियो

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दूसरी मंजिल पर संचालित कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी में मौजूद छात्र-छात्राएं अंदर फंस गए। जान बचाने की कोशिश में एक छात्र ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी, लेकिन नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे ग्रिल से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।


घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। वहीं फायरकर्मियों ने अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए इमारत की पिछली दीवार भी तोड़ दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इमारत के भीतर अभी भी 10 से 12 लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। हालात को देखते हुए मौके पर 14 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


जानकारी के मुताबिक, इमारत के ग्राउंड और पहली मंजिल पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित थे, जबकि दूसरी मंजिल पर ‘लर्निंग स्पेस’ नाम की लाइब्रेरी-कम-कोचिंग सेंटर और ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ संचालित था, जहां 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम किया जाता है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनजर घेर लिया गया है और बचाव अभियान लगातार जारी है।

Related posts

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले की तैयारियों का देर रात लिया जायजा, देखें वीडियो

admin

UP 14 IAS officer transfer यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : सीएम योगी ने 14 आईएएस अधिकारियों के किए ट्रांसफर, कई जिलों के डीएम भी बदले गए, यहां मिली नई तैनाती, देखें पूरी लिस्ट

admin

ईंधन बचाने की मुहिम तेज: यूपी और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में मंत्रियों के काफिले घटे, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा

admin

Leave a Comment