भू-माफियाओं के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: सचिवालय कूच पर बवाल, गणेश गोदियाल समेत कई नेता हिरासत में - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 12, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

भू-माफियाओं के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: सचिवालय कूच पर बवाल, गणेश गोदियाल समेत कई नेता हिरासत में



देहरादून। उत्तराखंड में कथित भूमि घोटालों, भू-माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और सरकारी जमीनों के हस्तांतरण के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकले सचिवालय कूच को पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामे और धक्का-मुक्की का माहौल बना रहा।

प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए सचिवालय की ओर बढ़े। जैसे ही जुलूस सुभाष रोड पहुंचा, पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य सरकार भू-माफियाओं को संरक्षण दे रही है और सरकारी, सार्वजनिक तथा अन्य महत्वपूर्ण जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भू-माफियाओं का नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

कांग्रेस ने मांग की कि सरकारी, वन और ग्राम समाज की जमीनों पर हुए सभी अवैध कब्जों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भूमि घोटालों और अवैध कब्जों के मामलों में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भूमि विवादों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related posts

VIDEO Dardnak road accident खराब मौसम में मैक्स जीप बेकाबू होकर 150 मीटर गहरी नदी में गिरी, आठ लोगों की मौत, पांच घायल, मुवानी में हुआ सड़क हादसा, वीडियो

admin

Uttarakhand manshi negi wins bronze medal : उत्तराखंड की बेटी मानसी नेगी ने चीन में जीता कांस्य पदक, सीएम धामी ने दी बधाई

admin

उत्तराखंड के टिहरी में भूस्खलन होने से कार में सवार तीन लोगों की मौत

admin

Leave a Comment