August 30, 2026
Daily Lok Manch
अंतरराष्ट्रीय

Philippines Earthquake:  फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, इमारतें ढहीं, राहत एवं बचाव कार्य जारी



फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। भूकंप का केंद्र दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र के पास समुद्र में बताया गया है। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:37 बजे आए इस भूकंप के तेज झटकों से जनरल सैंटोस सिटी समेत कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ इमारतें पूरी तरह ढह गईं। प्रशासन के अनुसार कई लोगों के घायल होने और कुछ लोगों की मौत की भी खबरें सामने आई हैं, हालांकि राहत एवं बचाव कार्य जारी होने के कारण आंकड़ों की पुष्टि की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भूकंप के भयावह दृश्य दिखाई दे रहे हैं। जनरल सैंटोस सिटी में स्थित प्रसिद्ध फास्ट फूड चेन जॉलीबी की एक बहुमंजिला इमारत तेज झटकों के दौरान ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गई। इमारत गिरते ही आसपास धूल का घना गुबार छा गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सड़कों पर भागते नजर आए। कई दुकानों, मकानों और व्यावसायिक भवनों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं, जबकि कुछ स्थानों पर छतें भी गिर गईं।

भूकंप के बाद फिलीपींस की भूकंप एवं ज्वालामुखी विज्ञान एजेंसी ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। अधिकारियों ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में जाने की सलाह दी। चेतावनी के अनुसार समुद्र में एक से तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई। इसके साथ ही इंडोनेशिया, मलेशिया और जापान के कुछ तटीय क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

राष्ट्रपति Ferdinand Marcos Jr. ने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और जोखिम वाले क्षेत्रों से तुरंत निकलने की अपील की है। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जबकि कुछ हवाई सेवाओं को भी अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित निकालने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले घंटों और दिनों में आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) महसूस किए जा सकते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Leave a Comment