उत्तराखंड में मतदाता गणना अभियान आज से शुरू, घर-घर पहुंचेंगे BLO - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 21, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में मतदाता गणना अभियान आज से शुरू, घर-घर पहुंचेंगे BLO




उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेशभर में मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का अभियान शुरू हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 11,733 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और वे घर-घर जाकर मतदाताओं तक फार्म पहुंचाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्राप्त फार्मों को BLO App के माध्यम से डिजिटल रूप से दर्ज किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि कोई मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहता है, तो वह “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का उपयोग कर अपने BLO से संपर्क कर सकता है। इसके लिए मतदाता वोटर्स पोर्टल या ECI-Net मोबाइल एप के माध्यम से कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित BLO मतदाता से संपर्क करेगा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी घर पर पहली बार में मतदाता नहीं मिलता है तो BLO तीन बार तक वहां जाएंगे। साथ ही घर पर स्टीकर लगाकर अगली विजिट की तिथि और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करेंगे, ताकि मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर गणना फार्म भरवा सके। मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी फार्म के साथ उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जबकि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता ECI-Net एप के माध्यम से स्वयं भी गणना फार्म डाउनलोड, भरकर अपलोड कर सकते हैं। वहीं, नए पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरकर BLO को जमा कर सकते हैं।

Related posts

Dehradun : श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में योग स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित की गई राष्ट्रीय प्रतियोगिता

admin

केदारनाथ में हेलीकॉप्टर के रोटर की चपेट में आने से यूकाडा अधिकारी की मौत

admin

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी मध्य प्रदेश हुए रवाना, सागर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक

admin

Leave a Comment