August 22, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

Uttrakhand: धराली में फिर बढ़ा खीर गंगा का जलस्तर, ग्रामीणों ने सुरक्षा कार्य का किया विरोध



उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में खीर गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से खतरा गहरा गया है। रविवार को हल्की बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। इससे पहले शनिवार को भी जलस्तर बढ़ने पर हर्षिल थाना पुलिस ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने की अपील की थी।

रविवार को सिंचाई विभाग के कर्मचारी अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था के तहत नदी के ऊपरी तट पर वायरक्रेट लगाने पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका विरोध करते हुए वापस लौटा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते स्थायी और प्रभावी सुरक्षा कार्य नहीं किए गए। उनका कहना है कि अब मानसून शुरू होने के बाद केवल बजट खर्च करने के उद्देश्य से अस्थायी कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने खीर गंगा नदी में किए गए चैनलाइजेशन कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं और स्थायी सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।

वहीं, लगातार बारिश के कारण स्यानाचट्टी–यमुनोत्री पैदल मार्ग चौथे दिन भी बंद रहा। भूस्खलन से बाधित मार्ग को खोलने का कार्य जारी है। इस दौरान निर्माण कार्य के बीच राजस्थान के तीर्थयात्री धर्मबीर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Comment