September 13, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

युवाओं के सपनों से बनेगा विकसित उत्तराखण्ड, सीएम धामी ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ विषय पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर विकसित उत्तराखण्ड को लेकर उनके विचार, सुझाव और भविष्य की परिकल्पनाएं जानीं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखण्ड के प्रति प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। आज के विद्यार्थी ही कल उत्तराखण्ड और भारत का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार प्रदेश के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखण्ड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी संवेदनशीलता और संकल्प को दर्शाते हैं।
संवाद के दौरान रुद्रप्रयाग की कक्षा 11 की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन पर लिखे अपने निबंध के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में मुख्य रूप से स्थायी और अस्थायी पलायन देखा जाता है। शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं होता। बाहर जाकर पढ़ने और अनुभव प्राप्त करने से युवाओं को बेहतर अवसर मिलते हैं। हालांकि, पहाड़ों में माताओं-बहनों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वे परिवार और समाज को संभालते हुए प्रेरणादायी कार्य कर रही हैं।
देवप्रयाग की छात्रा श्रेया सेमवाल ने ‘पहाड़ रहें, अपने रहें, मेरे सपने रहें’ विषय पर विचार रखे। उन्होंने पहाड़ों में रोजगार और अवसर बढ़ाने के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहने की आवश्यकता बताई। पौड़ी की छात्रा प्रिया ने विकसित उत्तराखण्ड को लेकर सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक गांव, जिला और राज्य विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
छात्रा तमन्ना ने पलायन और खेती से कम आय की समस्या उठाते हुए कहा, ‘मेरा पहाड़, मेरा रोजगार, पत्थर की छाती पर बनेगा रोजगार।’ मुख्यमंत्री ने उनके विचार की सराहना की और कहा कि परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं, लेकिन संकल्प मजबूत होना चाहिए। युवाओं को अपनी परिस्थितियों को अवसर में बदलने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे व्यक्तित्व साधारण परिवारों से निकलकर देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचे हैं। युवाओं को अपने जनपद और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी रखनी चाहिए तथा सकारात्मक बदलाव में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
रुद्रप्रयाग की छात्रा अनुष्का ने पलायन रोकने से जुड़े सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव-गांव तक बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास कर रही है। प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट कक्षाएं संचालित की जा रही हैं और विपरीत पलायन भी हो रहा है। उन्होंने युवाओं से नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।
इशिका नेगी और गौरव बिष्ट ने पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण तथा चारधाम यात्रा से जुड़े सुझाव रखे। विद्यार्थियों ने प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के साथ पर्यटन को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया। छात्र मुकेश कुशवाहा ने छोटे गांवों तक हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सुविधा पहुंचाने और विद्यालय स्तर पर कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा पर निरंतर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 के भारत में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री युवा योजना जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। योग्य युवाओं को निष्पक्ष अवसर देने के लिए नकल माफिया के विरुद्ध सख्त कानून बनाए गए हैं।
कार्यक्रम में छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को अपनी बनाई चित्रकृति भेंट की। बेहतर सहभागिता के लिए नोडल अधिकारी शिक्षक अंकुश को सम्मानित किया गया। रुद्रप्रयाग में निबंध प्रतियोगिता में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विद्यार्थी, शिक्षक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment