उत्तराखंड भाजपा में मंथन का महासत्र: नितिन नवीन और बीएल संतोष की मौजूदगी में संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक पर बड़ी चर्चा - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 29, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड भाजपा में मंथन का महासत्र: नितिन नवीन और बीएल संतोष की मौजूदगी में संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक पर बड़ी चर्चा



भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे ने प्रदेश की राजनीति को नई हलचल दे दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे नितिन नवीन ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक को संगठन और सरकार दोनों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह रही कि राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी पूरे दौरे में उनके साथ मौजूद हैं, जिससे बैठकों का राजनीतिक और संगठनात्मक महत्व और बढ़ गया है।



भाजपा प्रदेश मुख्यालय में चल रही इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और सतपाल महाराज समेत संगठन और सरकार के करीब 20 वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह, त्रिवेंद्र सिंह रावत, अनिल बलूनी और अजय टम्टा भी बैठक में मौजूद रहे। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और दीप्ति भारद्वाज सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी बैठक का हिस्सा बने।

सूत्रों के अनुसार बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, आगामी चुनावों की रणनीति, बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। साथ ही पार्टी विधायकों और मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल बताई जा रही है। बीएल संतोष संगठन के पुराने और प्रभावशाली रणनीतिकार माने जाते हैं और वे सभी बैठकों की रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।

कोर कमेटी की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ अलग से बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान सरकार के कामकाज, आगामी कार्यक्रमों और 2027 की राजनीतिक तैयारियों को लेकर स्पष्ट रणनीति तय की जाएगी। पार्टी संगठन आगामी चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की योजना पर काम कर रहा है।

नितिन नवीन के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक करीब 25 स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर, ढोल-दमाऊ और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया। भाजपा मुख्यालय को भगवा झंडों और फूलों से विशेष रूप से सजाया गया है, जहां सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नितिन नवीन और बीएल संतोष का यह दौरा केवल औपचारिक नहीं, बल्कि संगठन को नई दिशा देने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी का संकेत भी है। यही वजह है कि इस दौरे पर पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर राजनीतिक गलियारों तक सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

फूल, पोस्टर और स्वागत कूपनों से सजा भाजपा मुख्यालय


भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून पहुंचने पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उत्साह और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न मंडलों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। भाजपा मुख्यालय को भगवा झंडों, फूलों, बैनरों और स्वागत पोस्टरों से विशेष रूप से सजाया गया था। मुख्यालय के प्रवेश द्वार से लेकर सभास्थल तक कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के दौरान अलग-अलग मंडलों की ओर से स्वागत कूपन भी तैयार किए गए थे। इन कूपनों पर ‘करणपुर मंडल की तरफ से हार्दिक स्वागत और अभिनंदन’ जैसे संदेश लिखे गए थे। कार्यकर्ताओं द्वारा फूल बरसाकर और ढोल-दमाऊ के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया।

भाजपा नेताओं का कहना है कि नितिन नवीन के पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तराखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यही कारण रहा कि एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Related posts

उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसा : चकराता घूमने जा रहे पर्यटकों की कार गहरी खाई में गिरी, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल

admin

Uttarakhand economic Survey आर्थिक सर्वेक्षण में उभरी नई तस्वीर: चार साल में डेढ़ गुनी हुई उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था

admin

Uttarakhand: केदारनाथ आपदा की 10वीं बरसी पर सीएम धामी कल धाम पहुंचेंगे, निर्माणाधीन केदारनगरी में पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा भी लेंगे

admin

Leave a Comment