September 8, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

माउंट किलिमंजारो पर लहराया तिरंगा, नन्हे पर्वतारोहियों रियांश-प्रिशा से मिले सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहद कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी को फतह करना दोनों बच्चों के साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है और उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों एवं युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।

9 वर्षीय रियांश पंत अल्मोड़ा जिले के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की रहने वाली हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर शिखर पर तिरंगा फहराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और साहस की कोई कमी नहीं है। पर्वतारोहण, खेल और साहसिक गतिविधियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। राज्य सरकार प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Comment