Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 20, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

नंदा देवी बड़ी जात यात्रा के पैदल मार्ग का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, दुर्गम और संवेदनशील हिस्सों को लेकर एडवाइजरी जारी



वर्ष 2026 में प्रस्तावित नंदा देवी बड़ी जात यात्रा को लेकर वन विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने मार्ग की मौजूदा स्थिति, आवागमन की सुगमता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया।

संयुक्त टीम ने वाण से होमकुंड होते हुए सुतोल तथा सुतोल से होमकुंड तक प्रस्तावित पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान वाण से ज्यूरागली तक करीब 32 किलोमीटर और सुतोल से होमकुंड तक करीब 34 किलोमीटर क्षेत्र का स्थलीय परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मार्ग के कई हिस्से बेहद दुर्गम और जोखिमपूर्ण पाए गए। कुछ क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से भी संवेदनशील बताए गए हैं।

निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ ने नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति को एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित यात्रा मार्ग दुर्गम वन क्षेत्रों और विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरता है, जहां आपदा का जोखिम बना रहता है। ऐसे में यात्रा का आयोजन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाना जरूरी है।

एडवाइजरी में बेदनी से आगे के निर्जन वन क्षेत्रों और अन्य पड़ावों को विशेष रूप से जोखिमपूर्ण बताते हुए जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रा को यथासंभव सीमित रखने की अपेक्षा की गई है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को देखते हुए बेदनी के लिए रवाना होने से पहले वाण में अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी है। इससे यात्रियों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जा सकेगा और यात्रा के दौरान संभावित अप्रिय परिस्थितियों को कम करने में मदद मिलेगी।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने आयोजन समिति से यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की गई है कि वे जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करें और मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सावधानी व सतर्कता बरतें।

Leave a Comment