फ्रांस में दर्दनाक विमान हादसा: स्काईडाइविंग ट्रिप पर निकला विमान टॉमब्लेन में क्रैश, पायलट समेत 11 लोगों की मौत - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 12, 2026
Daily Lok Manch
अंतरराष्ट्रीय

फ्रांस में दर्दनाक विमान हादसा: स्काईडाइविंग ट्रिप पर निकला विमान टॉमब्लेन में क्रैश, पायलट समेत 11 लोगों की मौत


फ्रांस के नैन्सी शहर के पास स्थित टॉमब्लेन में रविवार को एक भीषण विमान हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। पैराशूटिंग प्रशिक्षण और स्काईडाइविंग गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक छोटा विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार पायलट समेत सभी 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में वे लोग भी शामिल थे, जो पहली बार स्काईडाइविंग का रोमांचक अनुभव लेने जा रहे थे।

फ्रांस के गृह मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि गृह मंत्री तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और फिलहाल विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान एक पैराशूटिंग स्कूल का था, जिसका उपयोग प्रशिक्षण और स्काईडाइविंग अभियानों के लिए किया जाता था।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, विमान जर्मनी में पंजीकृत ‘पिलाटस’ मॉडल का था, जिसे आमतौर पर स्काईडाइविंग ऑपरेशन में इस्तेमाल किया जाता है। विमान टॉमब्लेन एयरपोर्ट के पास उड़ान भरने के बाद अचानक नियंत्रण खो बैठा और घरों के नजदीक सड़क किनारे घास वाले क्षेत्र में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरा इलाका पुलिस और राहत एजेंसियों की निगरानी में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान तेजी से नीचे आता दिखाई दिया और कुछ ही क्षणों में जोरदार धमाके के साथ जमीन से टकरा गया। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि वह खरीदारी के लिए जा रहा था, तभी उसने विमान को असामान्य तरीके से नीचे आते देखा और देखते ही देखते वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

ऑर्डर ऑफ इंडिपेंडेंट नर्सेस की मर्थ-ए-मोसेल शाखा के अध्यक्ष थिएरी पेची ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग नैन्सी क्षेत्र के निवासी थे और अपने पहले स्काईडाइविंग अनुभव के लिए इस यात्रा में शामिल हुए थे। दुखद बात यह रही कि कई पीड़ितों के परिजन एयरफील्ड के आसपास मौजूद थे और उन्होंने विमान को दुर्घटनाग्रस्त होते अपनी आंखों से देखा।

हादसे के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए विशेष मेडिकल और मनोवैज्ञानिक सहायता इकाइयां स्थापित की हैं, ताकि उन्हें इस कठिन समय में आवश्यक सहयोग मिल सके। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से लोगों से टॉमब्लेन एयरपोर्ट और उसके आसपास के इलाके से दूर रहने की अपील की है। वहीं विमान दुर्घटना जांच एजेंसियां मलबे की जांच कर रही हैं और ब्लैक बॉक्स सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे फ्रांस को शोक में डुबो दिया है।

Related posts

PM Modi MCG Australia : पीएम मोदी और अल्बनीज ने एमसीजी से लॉन्च किया भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप

admin

ब्रिटेन के बेडफोर्ड में बड़ा रेल हादसा, दो यात्री ट्रेनें आपस में टकराईं, ट्रेन चालक की मौत, कई यात्री घायल

admin

वंदे मातरम् पर इथियोपियाई गायकों की प्रस्तुति ने मन को छू लिया: पीएम मोदी

admin

Leave a Comment