August 26, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

यूपी में दर्दनाक हादसा : लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पलटी डबल डेकर बस, 5 यात्रियों की मौत, वीडियो



एक्सप्रेस-वे पर फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। उन्नाव में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर AC बस अनियंत्रित होकर पलट गई। भीषण हादसे में बिहार पुलिस के एक दरोगा और एक कैदी समेत पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों सहित 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस की खिड़कियों से नीचे जा गिरे।



हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 262 के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने से बस अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटकर रेलिंग पर लटक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि अन्य का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) शामिल हैं। तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जानकारी के मुताबिक, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी और वापस बिहार लौट रही थी, तभी यह हादसा हो गया।

Leave a Comment