कई दिनों से पूरा उत्तर भारत और दिल्ली-एनसीआर शीतलहर और कोहरे की चपेट में है। लेकिन अब जल्द ही ठंडी से कुछ राहत मिलेगी। कड़ाके की ठंड से अब लोग परेशान होने लगे हैं। ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से राहतभरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जल्द उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। इससे उत्तर भारत के कई क्षेत्रों को भी राहत मिलेगी। इस वक्त दिल्ली के कई हिस्सों और पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। लोधी रोड और सफदरजंग में सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री और 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जनवरी से शीतलहर की स्थिति खत्म हो जाएगी और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। आईएमडी ने कहा कि राजस्थान, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में 18 जनवरी तक शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति की संभावना है। 17-19 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है और 17-18 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और कच्छ में शीतलहर का पूर्वानुमान है। 17 और 18 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर पाला पड़ने की संभावना जताई गई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के 18 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है जिससे 18 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

