एलपीजी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं, देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार: केंद्र सरकार - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 29, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

एलपीजी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं, देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार: केंद्र सरकार

देश के कई हिस्सों में एलपीजी और अन्य ईंधनों की उपलब्धता को लेकर फैली चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में किसी भी प्रकार का ईंधन संकट नहीं है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन की खरीद करें। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग एवं रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बुधवार को आयोजित संयुक्त अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। सभी रिफाइनरियां सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि घरेलू रसोई गैस और सीएनजी उपभोक्ताओं के लिए प्राकृतिक गैस की 100 प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। हाल के दिनों में एलपीजी की मांग में वृद्धि जरूर देखी गई है, लेकिन आपूर्ति पर इसका कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ा है। पिछले दो दिनों के दौरान करीब 1.4 करोड़ एलपीजी बुकिंग दर्ज की गईं, जिनमें से 92 लाख सिलेंडरों की डिलीवरी पहले ही की जा चुकी है। देशभर में एलपीजी वितरकों को किसी भी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। वहीं, ढाबों, रेस्तरां, औद्योगिक कैंटीनों और प्रवासी श्रमिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वाणिज्यिक एलपीजी की उपलब्धता में लगभग 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

सुजाता शर्मा ने कहा कि पेट्रोल और डीजल सभी खुदरा बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध हैं। कुछ स्थानों पर घबराहट में खरीदारी की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सरकार घरेलू बाजार में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।

उन्होंने बताया कि पाइपलाइन प्राकृतिक गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। कई केंद्रीय मंत्रालय और रक्षा विभाग आवासीय क्षेत्रों तक पीएनजी पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं। 24 मार्च को जारी अधिसूचना के बाद घरों तक गैस कनेक्शन पहुंचाने की प्रक्रिया और तेज हुई है।

ईंधन की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए राज्यों को नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक करीब 2,500 छापेमारी की गई है, जिनमें 2,000 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा तेल विपणन कंपनियों ने निरीक्षण अभियान चलाकर लगभग 500 कारण बताओ नोटिस भी जारी किए हैं। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। पिछले दो दिनों में रिकॉर्ड बुकिंग के बावजूद अधिकांश सिलेंडरों की डिलीवरी हो चुकी है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों और अनावश्यक खरीदारी से बचें, क्योंकि ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

Related posts

यूपी में अखिलेश यादव के सरकार बनाने के सपने पर बाबा का चला बुलडोजर, प्रदेश में फिर योगीराज

admin

कनाडा में भारतीयों के लिए केंद्र सरकार ने जारी की नई एडवाइजरी, सावधान रहने के लिए किया सचेत

यह रहेंगी आज की प्रमुख खबरें

admin

Leave a Comment