मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए वैश्विक स्तर पर कुशल मानव संसाधन की मांग के अनुरूप तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा के साथ हुई बैठक में विभिन्न देशों में रोजगार की संभावनाओं और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित देशों में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की अधिक आवश्यकता है, उनकी जानकारी प्राप्त करने के लिए भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय रखा जाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की जरूरतों के अनुसार उत्तराखंड के युवाओं को कौशल के साथ आवश्यक भाषा प्रशिक्षण भी दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जाए। इसके लिए विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
बैठक में सीएम धामी ने उत्तराखंड के होम स्टे मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विदेशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे मॉडल से परिचित कराने के लिए उन्हें होम स्टे का भ्रमण कराया जा सकता है। साथ ही फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस के क्षेत्र में उत्तराखंड की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं हैं। उन्होंने इन क्षेत्रों से संबंधित विस्तृत जानकारी राज्य सरकार को उपलब्ध कराने की बात कही।
वहीं, जमैका के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि वहां पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। विशेष रूप से नर्सिंग के प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है। इथियोपिया के राजदूत देवेश उत्तम ने प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।

