Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 10, 2026
Daily Lok Manch
हिमाचल

हिमाचल पंचायत चुनाव में रिकॉर्ड निर्विरोध जीत: 10,854 उम्मीदवार बिना मुकाबले बने जनप्रतिनिधि, 131 पंचायतों में नहीं पड़ेगा एक भी वोट



हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों ने इस बार लोकतंत्र का एक अलग ही चेहरा दिखाया है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही प्रदेशभर में हजारों उम्मीदवार बिना चुनाव लड़े ही विजयी घोषित कर दिए गए। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 10 हजार 854 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जिससे कई इलाकों में चुनावी मुकाबला खत्म हो गया है।

सबसे खास बात यह रही कि प्रदेश की 131 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उप-प्रधान और सभी वार्ड सदस्य बिना किसी विरोध के चुने गए हैं। ऐसे में इन पंचायतों में अब 26, 28 और 30 मई को मतदान नहीं कराया जाएगा। गांवों में कई जगह आपसी सहमति और सर्वसम्मति से उम्मीदवारों का चयन हुआ, जिसे स्थानीय स्तर पर सामाजिक एकजुटता का संकेत माना जा रहा है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार 85 बीडीसी सदस्य, 176 प्रधान, 286 उप-प्रधान और 10,307 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। इससे साफ है कि इस बार पंचायत चुनावों में कई सीटों पर मुकाबले की स्थिति बनी ही नहीं।

राजधानी शिमला इस मामले में सबसे आगे रहा, जहां 42 पंचायतें पूरी तरह निर्विरोध चुनी गईं। जिले में 21 पंचायत समिति सदस्य, 51 प्रधान, 87 उप-प्रधान और 1,687 वार्ड सदस्य बिना चुनाव जीते घोषित किए गए। इसके अलावा कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर और सोलन में भी बड़ी संख्या में वार्ड सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

ग्रामीण राजनीति में इस बार कई जगह चुनावी खींचतान की बजाय सहमति का माहौल देखने को मिला। हालांकि जिन सीटों पर मुकाबला बना हुआ है, वहां तय कार्यक्रम के तहत मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा है कि शेष सीटों पर चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ाई जाएगी।




जिलावार निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों की लंबी सूची, शिमला सबसे आगे

हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव में इस बार सबसे ज्यादा निर्विरोध उम्मीदवार शिमला जिले से चुने गए, जहां 1,687 वार्ड सदस्य, 51 प्रधान, 87 उप-प्रधान और 21 पंचायत समिति सदस्य बिना मुकाबले जीत गए। कांगड़ा में 1,657 वार्ड सदस्य और 10 प्रधान निर्विरोध चुने गए, जबकि कुल्लू में 1,296 वार्ड सदस्य और 9 प्रधान विजयी रहे। सिरमौर में 1,166 वार्ड सदस्य और 32 प्रधान, सोलन में 1,121 वार्ड सदस्य और 14 प्रधान बिना चुनाव जीते घोषित हुए।

इसके अलावा बिलासपुर में 420 वार्ड सदस्य और 3 प्रधान, चंबा में 400 वार्ड सदस्य और 4 प्रधान, हमीरपुर में 582 वार्ड सदस्य, किन्नौर में 262 वार्ड सदस्य और 22 प्रधान, लाहौल-स्पीति में 809 वार्ड सदस्य, मंडी में 206 वार्ड सदस्य और 17 प्रधान तथा ऊना में 706 वार्ड सदस्य और 8 प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

Leave a Comment