उत्तराखंड में तीसरे दिन भी बारिश का जारी : चारधाम हाईवे पर मलबा और बोल्डर गिरने से बढ़ी मुश्किलें, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
July 23, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

उत्तराखंड में तीसरे दिन भी बारिश का जारी : चारधाम हाईवे पर मलबा और बोल्डर गिरने से बढ़ी मुश्किलें, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट

उत्तराखंड में लगातार तीसरे दिन भी सभी जिलों में बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। चारधाम यात्रा मार्गों पर जगह-जगह मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केदारनाथ, बद्रीनाथ और यमुनोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।


रुद्रप्रयाग जिले के बांसवाड़ा क्षेत्र में केदारनाथ हाईवे पर लगातार बड़े-बड़े पत्थर गिर रहे हैं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकना पड़ा। वहीं, चमोली जिले में गुलाबकोटी के पास बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर भारी बारिश के बाद मलबा आने से मार्ग बंद हो गया। प्रशासन द्वारा सड़क खोलने का काम जारी है।


बुधवार को देहरादून सीमा पर यमुनोत्री हाईवे पर एक बड़ा हादसा हुआ। भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर चलती कार पर आ गिरा, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कोटद्वार के एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


मौसम विज्ञान केंद्र ने आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।


मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र बारिश के दौर आने की आशंका है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।


लगातार बारिश के चलते बागेश्वर और चंपावत जिलों में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, अवकाश की सूचना मिलने तक अधिकांश शिक्षक स्कूल पहुंच चुके थे।


इससे पहले बुधवार को देहरादून में रिस्पना नदी और पिथौरागढ़ में काली नदी उफान पर रही। वहीं, मंदाकिनी और अलकनंदा नदियों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेशभर में 7 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।


देहरादून में लगातार तीसरे दिन भी बारिश


राजधानी देहरादून में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह भी शहर में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और बौछारों के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं।
आज देहरादून का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

Related posts

योगी सरकार के बाद उत्तराखंड में भी सीएम धामी ने “मदरसों” को लेकर किया बड़ा एलान

admin

Uttarakhand Badrinath Dham Door open : भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए पूरे विधि विधान के साथ खोले गए, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

admin

महानवमी पर्व पर सीएम योगी और मुख्यमंत्री धामी ने किया कन्या पूजन

admin

Leave a Comment