Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
November 1, 2026
Daily Lok Manch
राष्ट्रीय

PM Modi Rajasthan : पीएम मोदी ने राजस्थान को विकास योजनाओं की दी सौगात, नाथद्वारा में भगवान श्रीनाथ जी के किए दर्शन, राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी रहे मौजूद

पीएम नरेन्द्र मोदी बुधवार को राजस्थान के दौरे पर रहे। राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी का दिल खोलकर स्वागत किया। पीएम मोदी भी राजस्थान की जनता से मिले प्यार से अभिभूत नजर आए। पीएम मोदी ने जगप्रसिद्ध नाथद्वारा में भगवान श्रीनाथजी के दर्शन कर प्रदेशवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। नाथद्वारा और आबूरोड में पीएम मोदी एक झलक पाने के लिए लोग बेताब नजर आए। पीएम मोदी पहले सुबह विशेष विमान से उदयपुर के डबोक हवाई अड्डे पर पहुंचे। वहां पर राज्यपाल कलराज मिश्र और सीएम अशोक गहलोत समेत नाथद्वारा विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उसके बाद पीएम मोदी हेलिकॉप्टर से राजसमंद में स्थित नाथद्वारा पहुंचे। उन्होंने नाथद्वारा में भगवान श्रीनाथजी के दर्शन के बाद रेलवे लाइन सहित पांच हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। भगवान श्रीनाथजी के दर्शन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये प्रोजेक्ट राजस्थान की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। मोदी के इस दौरे के साथ ही भाजपा ने राजस्थान में चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है।

प्रधानमंत्री राजसमंद के नाथद्वारा में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान में 5,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा, आज मैंने 5500 करोड़ रुपये से अधिक की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। मैं इन विकास परियोजनाओं के लिए राजस्थान के लोगों को बधाई देता हूं। हमारी सरकार राजस्थान में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, अगर पहले पर्याप्त मेडिकल कॉलेज बन जाते तो हमें डॉक्टरों की कमी का सामना नहीं करना पड़ता। हर घर को पानी मिलता तो हमें 3.5 लाख करोड़ रुपये का जल जीवन मिशन शुरू नहीं करना पड़ता। नकारात्मक लोगों के पास दूरदृष्टि नहीं होती और वे अपने राजनीतिक हितों से परे नहीं सोच सकते। पीएम मोदी ने कहा, कुछ लोग इतनी नकारात्मकता से भरे होते हैं कि उन्हें देश में कुछ भी अच्छा होता दिखाई नहीं देता। उन्हें केवल विवाद पैदा करना पसंद है। आपने कुछ लोगों को ‘आता पहले या दाता पहले’ कहते सुना होगा, लेकिन इतिहास गवाह है कि तेज गति से विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी जरूरी है।

Leave a Comment