अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में देश के प्रमुख स्पेस स्टार्टअप्स के सीईओ और फाउंडर्स से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्पेस टेक्नोलॉजी के व्यापक उपयोग के जरिए आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए भारतीय स्पेस सेक्टर की ऊर्जा और महत्वाकांक्षा की सराहना की।
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्पेस सेक्टर में नए प्रयोग और जोखिम उठाने के लिए सरकार की नीतियों में स्थिरता जरूरी है, ताकि स्टार्टअप्स को भरोसे के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले। एक स्पेस स्टार्टअप के सीईओ ने बताया कि भारत के पहले निजी रॉकेट का सफल प्रक्षेपण हो चुका है और कंपनी आने वाले समय में हर महीने एक रॉकेट लॉन्च करने की दिशा में काम कर रही है।
वहीं, स्टार्टअप्स के प्रतिनिधियों ने आधुनिक रॉकेट इंजन, सैटेलाइट इंजन और अंतरिक्ष में फार्मास्यूटिकल निर्माण जैसी तकनीकों पर भी जानकारी साझा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लागत और प्रतिभा के मामले में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने वैश्विक प्रतिभाओं को भारत के स्पेस सेक्टर से जोड़ने और देश को अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से आगे ले जाने पर भी जोर दिया।

