जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा और उनके यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ की शुरुआत हो गई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से यह अभियान 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं को और व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है।
अभियान के तहत जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों का उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति और लोक नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ स्वागत किया जा रहा है। इसके जरिए यात्रियों को प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, यात्रियों की सहायता, स्वच्छता, सुरक्षा और जरूरी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था की समीक्षा
अभियान के दौरान एयरपोर्ट पर पार्किंग, टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन, ड्रॉप-ऑफ और पिक-अप व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और विशेष जरूरत वाले यात्रियों के लिए व्हीलचेयर समेत अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उड़ानों से जुड़ी जानकारी यात्रियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सूचना प्रदर्शन प्रणाली, दिशा-सूचक, गेट और बैगेज व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
27 सितंबर को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकार उत्तराखंड के पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा महिला यात्रियों, बच्चों और परिवारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया जाएगा।
स्वच्छता और आपातकालीन तैयारी पर जोर
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर विशेष स्वच्छता दिवस और श्रमदान कार्यक्रम होगा। कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी और ऊर्जा संरक्षण को लेकर भी गतिविधियां की जाएंगी। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अभ्यास भी होंगे। फ्रंटलाइन कर्मचारियों को यात्री-केंद्रित सेवा, विनम्र व्यवहार और स्पष्ट संवाद का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य बेहतर यात्री सुविधाओं को नियमित एयरपोर्ट सेवा व्यवस्था का हिस्सा बनाना है।

