Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 7, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

25 साल की सेवा यात्रा पर भाजपा का ‘सेवा ज्योति’ अभियान, उत्तराखंड समेत देशभर में आज निकलेंगी यात्राएं


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा आज 7 अक्टूबर को देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाल रही है। वर्ष 2001 में आज ही के दिन नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सार्वजनिक जीवन की यह यात्रा 25 वर्ष पूरी कर चुकी है।

इस अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तराखंड में भी देहरादून समेत अलग-अलग जनपदों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यात्रा, मशाल जुलूस और सभाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर मुख्य कार्यक्रम नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में मशाल जुलूस और सभाओं के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की राजनीतिक यात्रा को जनता के बीच रखा जा रहा है।

भाजपा के अनुसार, अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी 25 वर्ष की इस यात्रा के अवसर पर जनता के प्रति आभार जताते हुए संविधान के मूल्यों को मार्गदर्शक बताते हुए विकसित भारत के लक्ष्य के लिए आगे भी काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

इससे पहले 6 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई प्रस्ताव पारित किया।

Leave a Comment