प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन गुरुवार को देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। धर्मनगरी हरिद्वार में भी संत समाज और श्रद्धालुओं ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर विशेष आयोजन किए। मिश्री मठ में साधु-संतों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को मानव सेवा दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान 76 किलो बूंदी से तैयार केक काटा गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की गई।
कार्यक्रम में अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने सनातन धर्म से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को इसका प्रमुख उदाहरण बताया।
करौली शंकर महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने का संदेश दिया है। इसी भावना के तहत संत समाज ने भी इस अवसर पर मानव सेवा का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता और समाज के हित में किए जाने वाले कार्यों के जरिए जन्मदिन को सार्थक बनाया जा सकता है।
वहीं, बड़ा अखाड़ा के कारोबारी महंत गोविंद दास महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर लोगों से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। संत समाज भी जरूरतमंदों की सहायता और कल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएगा।
इसके अलावा धर्मनगरी के प्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर विशेष पूजा-अर्चना और यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी के नेतृत्व में संतों और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के बाद मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद और मिठाई वितरित की गई।
इस दौरान महंत रवींद्र पुरी ने बताया कि आगामी 7 अक्टूबर को गांधीनगर में श्री कृष्ण जन्मभूमि अभियान को लेकर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा।

