गढ़वाल–कुमाऊं के बीच दौड़ी नई रेल कड़ी, रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू - Daily Lok Manch PM Modi USA Visit New York Yoga Day
August 8, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

गढ़वाल–कुमाऊं के बीच दौड़ी नई रेल कड़ी, रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू


देहरादून। उत्तराखंड को शनिवार को एक महत्वपूर्ण रेल सौगात मिली। लंबे समय से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की मांग को पूरा करते हुए रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई रेल सेवा से दोनों मंडलों के बीच यात्रा पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं है, बल्कि उत्तराखंड के विकास, पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बेहतर संपर्क से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि फिलहाल रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ती है तो भविष्य में इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

नई रेल सेवा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें अब तक कुमाऊं से गढ़वाल या गढ़वाल से कुमाऊं जाने के लिए कई बार ट्रेन या सड़क मार्ग बदलना पड़ता था। यह ट्रेन दोनों क्षेत्रों के बीच यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और समय की दृष्टि से बेहतर बनाएगी।

किन स्टेशनों को जोड़ेगी नई रेल सेवा

रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस रामनगर से चलकर काशीपुर, बाजपुर, लालकुआं, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बिलासपुर रोड, मुरादाबाद, नजीबाबाद, लक्सर, हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा। इससे कुमाऊं के प्रमुख शहरों का सीधा रेल संपर्क हरिद्वार और देहरादून से स्थापित हो जाएगा।

रेलवे और राज्य सरकार का मानना है कि इस नई सेवा से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, धार्मिक यात्राएं आसान होंगी और स्थानीय व्यापार तथा रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर भविष्य में इस ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।

Related posts

VIDEO भूले अनुशासन : मीडियाकर्मियों को कार्यक्रम की जानकारी दे रहे मुख्यमंत्री के सामने ही भाजपा कार्यकर्ताओं में चले जमकर लात-घूंसे, सीएम के सुरक्षाकर्मी भी नहीं रोक पाए मारपीट, देखें वीडियो

admin

सीएम धामी ने दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से की मुलाकात

admin

Uttarakhand उत्तराखंड के सीएम धामी ने एक झटके में ही 17 जगहों के नाम बदल दिए, इसमें कई नाम अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े थे, विपक्ष ने दी नसीहत 

admin

Leave a Comment