Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 9, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

Dehradun-Rishikesh Road Widening: देहरादून-ऋषिकेश सड़क मार्ग परियोजना: सात मोड़ पर पेड़ों की कटाई पर रोक, सीएम धामी का बड़ा फैसला



देहरादून: देहरादून-ऋषिकेश सड़क मार्ग परियोजना के तहत सात मोड़ क्षेत्र में प्रस्तावित पेड़ों की कटाई पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों का कटान अगले आदेश तक स्थगित रहेगा। हाल के दिनों में पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार उठाई जा रही चिंताओं के बाद राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि विकास राज्य के लिए आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देहरादून-ऋषिकेश सड़क मार्ग परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण परियोजना है, जिस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों और सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्य किया जा रहा था।

सीएम धामी ने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना से जुड़े सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ दोबारा संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण तैयार नहीं हो जाता, तब तक सात मोड़ क्षेत्र में पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी। साथ ही, उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।

गौरतलब है कि देहरादून-ऋषिकेश सड़क मार्ग को चौड़ा करने की इस परियोजना के तहत सात मोड़ क्षेत्र में चार हजार से अधिक पेड़ों की कटाई प्रस्तावित थी, जिनमें से सैकड़ों पेड़ पहले ही काटे जा चुके हैं। इसे लेकर पर्यावरण कार्यकर्ताओं और कई सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई से पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ेगा और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। बढ़ते विरोध और जनभावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने फिलहाल पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

Leave a Comment