August 29, 2026
Daily Lok Manch
Trending राष्ट्रीय

रथ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़, पुरी पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए जारी की एडवाइजरी

पुरी में जारी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए ओडिशा पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने शुक्रवार को श्रद्धालुओं से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ लोगों को साथ लेकर पुरी नहीं आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालु प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें।

एक-दो साल से कम उम्र के बच्चों को साथ न लाने की सलाह

मीडिया से बातचीत में डीजीपी वाईबी खुरानिया ने श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए पुरी आते समय एक-दो साल से कम उम्र के बच्चों को साथ न लाएं। उन्होंने कहा कि भारी भीड़ के कारण छोटे बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।

लाखों श्रद्धालुओं से भरा है पुरी

डीजीपी ने कहा, “बड़ा दांडा (ग्रैंड रोड) श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ है। बड़ा दांडा और पूरे पुरी शहर में लाखों श्रद्धालु मौजूद हैं। अलग-अलग दिशाओं से लगातार बड़ी संख्या में लोग पुरी पहुंच रहे हैं। पूरे शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।”

एडवाइजरी का पालन करने की अपील

खुरानिया ने श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से जारी सभी एडवाइजरी पर नजर रखने और निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रथ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए गए हैं।

एंटी-स्नैचिंग अभियान में 103 झपटमार गिरफ्तार

इस बीच, पुरी जिला पुलिस ने विशेष एंटी-स्नैचिंग अभियान चलाकर 103 झपटमारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से श्रद्धालुओं के चोरी हुए 203 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी

पुलिस के अनुसार, रथ यात्रा के दौरान बड़ा दांडा, श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर, समुद्र तट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्किंग क्षेत्रों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष पुलिस टीमें चौबीसों घंटे तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरों, आधुनिक तकनीक और खुफिया सूचनाओं की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह

पुरी पुलिस ने श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपने मोबाइल फोन, पर्स, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Comment