उत्तराखंड सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नौ आईपीएस और नौ पीपीएस समेत कुल 18 अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के तहत अपराध एवं कानून व्यवस्था, सीआईडी, एसडीआरएफ, साइबर क्राइम, कुमाऊं परिक्षेत्र, यातायात और पुलिस मुख्यालय जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं में जिम्मेदारियां बदली गई हैं। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस फेरबदल को अहम माना जा रहा है।
जारी आदेशों के अनुसार आईपीएस अधिकारी विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक दूरसंचार एवं फायर सर्विस, रिद्धिम अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, सीसीटीएनएस और एससीआरबी, जबकि कृष्ण कुमार वी.के. को पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं जीआरपी बनाया गया है। नीलेश आनंद भरणे अब केवल साइबर क्राइम, एसटीएफ और एएनटीएफ की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि अनंत शंकर ताकवले को प्रशिक्षण, राज्य मानवाधिकार आयोग के साथ सीआईडी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। सुनील कुमार मीणा को कार्मिक, पीएसी और सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, योगेन्द्र सिंह रावत को कुंभ मेला-2027 एवं एसडीआरएफ, निवेदिता कुकरेती कुमार को कुमाऊं परिक्षेत्र तथा बरिंदरजीत सिंह को पुलिस मुख्यालय एवं पी एंड एम की जिम्मेदारी दी गई है।
पीपीएस अधिकारियों में आयुष अग्रवाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला-2027 के साथ 40वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। हरीश वर्मा को आईआरबी प्रथम रामनगर का सेनानायक, अमित श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेक्टर देहरादून और जितेन्द्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीर सिंह को आईआरबी प्रथम रामनगर का उपसेनानायक, लोकजीत सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा शिकायत पुलिस मुख्यालय, विमल आचार्य को 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का उपसेनानायक, शांतनु पराशर को अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम और अंकुश मिश्रा को अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय उत्तराखंड नियुक्त किया गया है।

