Uttarakhand DIPR
Uttarakhand DIPR
October 23, 2026
Daily Lok Manch
उत्तराखंड

Uttrakhand: चमोली में टीएचडीसी की टनल में भू-धंसाव, 3 मजदूरों की मौत, 16 का रेस्क्यू

उत्तराखंड के चमोली जिले में टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टनल में भू-धंसाव होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में टनल के अंदर काम कर रहे मजदूरों के फंसने की सूचना है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं, अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। टनल में फंसे अन्य लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टनल के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव कार्य किया जा रहा है। रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के अंदर की स्थिति का आकलन करते हुए राहत एवं बचाव अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने भी घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बचाव कार्य को पूरी तत्परता, आपसी समन्वय और सावधानी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं।

फिलहाल प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। टनल में फंसे शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे के कारणों और नुकसान की विस्तृत जानकारी राहत-बचाव अभियान पूरा होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Comment